उलानबटार (मंगोलिया) , अप्रैल 01 -- भारतीय मुक्केबाज विश्वनाथ सुरेश ने (50 किग्रा) भार वर्ग और सचिन 60 किग्रा भार वर्ग के अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज करते हुए बुधवार को एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप 2026 के क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है।

आज यहां हुए मुकाबले में विश्वनाथ सुरेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए किर्गिस्तान के बेकज़ात एर्गेशोव पर 5-0 के सर्वसम्मत निर्णय से जीत हासिल की। सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए अब उनका मुकाबला कजाकिस्तान के संझार ताशकेनबे से होगा, जो इस वर्ग के मौजूदा विश्व चैंपियन हैं।

इस बीच, सचिन ने मंगोलिया के बुयांदलाई बायारखू पर 4-1 के विभाजित निर्णय से जीत दर्ज की और अब अपने क्वार्टर-फ़ाइनल मुकाबले में चीनी ताइपे के चेंग-वेई ली का सामना करेंगे।

महिला वर्ग में भारत की प्रिया (महिलाओं का 60किग्रा), प्रीति पंवार (महिलाओं का 54किग्रा) और दीपक (पुरुषों का 70किग्रा) ने भी अपने-अपने पहले दौर के मुकाबले जीते, जबकि जादुमणि सिंह (पुरुषों का 55किग्रा) टूर्नामेंट की शुरुआत में ही अपना मैच हार गए थे।

ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (75किग्रा) और पूर्व विश्व चैंपियन निखत जरीन (51किग्रा) को टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही अपने-अपने शुरुआती दौर में 'बाय' (सीधे अगले दौर में प्रवेश) दे दिया गया था।

आदित्य प्रताप सिंह गुरुवार को पुरुषों के 65किग्रा वर्ग में सऊदी अरब के मूसा अलहवसाव का सामना करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित