वाराणसी , जून 20 -- श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में श्री कुमार षष्ठी (स्कंद षष्ठी) के पावन एवं पुण्यदायी अवसर पर भगवान कार्तिकेय के विग्रह पर शनिवार को वैदिक रीति-रिवाजों एवं शास्त्रोक्त विधि-विधान के अनुसार विशेष पूजन-अर्चन संपन्न कराया गया।

इस अवसर पर मंदिर के विद्वान आचार्यों एवं श्रद्धेय शास्त्रियों द्वारा भगवान कार्तिकेय का मंत्रोच्चार, पूजन, अर्चन तथा विशेष अनुष्ठान श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न किया गया। पूजन के दौरान भगवान कार्तिकेय के श्रीचरणों में पुष्प, फल एवं नैवेद्य अर्पित कर समस्त जनकल्याण, सुख-समृद्धि एवं राष्ट्र की उन्नति की मंगलकामना की गई।

स्कंद षष्ठी का पर्व भगवान शिव एवं माता पार्वती के ज्येष्ठ पुत्र भगवान कार्तिकेय की आराधना का विशेष अवसर माना जाता है। इस दिन भगवान कार्तिकेय के पूजन से साहस, तेज, विजय तथा आध्यात्मिक उन्नति की प्राप्ति होती है। पूजन-अर्चन के उपरांत मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं को भगवान कार्तिकेय की कृपा एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ। सम्पूर्ण आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित