वाराणसी , मई 20 -- भीषण गर्मी के बीच भी श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन करने वाले श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ रहा है। मंदिर न्यास की ओर से दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत देने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। धाम में विभिन्न स्थानों पर ओआरएस घोल एवं ग्लूकोज की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे दर्शनार्थियों को भीषण गर्मी में राहत मिल सके।
किसी भी आपात या विषम परिस्थिति से निपटने के लिए मंदिर न्यास द्वारा आरोग्य केंद्र, एंबुलेंस एवं प्रशिक्षित कर्मियों की व्यवस्था भी की गई है। यदि किसी श्रद्धालु की तबीयत खराब होती है तो उन्हें तत्काल चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराते हुए अस्पताल पहुँचाकर उपचार कराया जा रहा है।
कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्र ने बताया कि श्रद्धालुओं के पैरों को गर्म फर्श से सुरक्षित रखने के लिए सम्पूर्ण धाम परिसर में उच्च गुणवत्ता वाली जूट मैट बिछाई गई है। दर्शन पथ पर पर्याप्त छाया उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जर्मन हैंगर एवं टेंसाइल स्ट्रक्चर लगाए गए हैं। साथ ही वातावरण की तपिश कम करने और श्रद्धालुओं को शीतलता प्रदान करने के लिए मिस्ट फैन भी स्थापित किए गए हैं।
वर्तमान में जनपद वाराणसी सहित सम्पूर्ण क्षेत्र में भीषण गर्मी और हीट वेव की स्थिति बनी हुई है। तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। ऐसी विषम परिस्थितियों के बावजूद बाबा श्री काशी विश्वनाथ के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था निरंतर बनी हुई है। प्रतिदिन औसतन लगभग डेढ़ लाख श्रद्धालु श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन के लिए पधार रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित