वाराणसी , अगस्त 7 -- विश्वनाथ की नगरी काशी से अमरनाथ यात्रा के दौरान जम्मू-कश्मीर के चंदनवाड़ी में 26वें विशाल भंडारे का सफल संचालन कर लौटे श्री बाबा काशी विश्वनाथ सेवा समिति के सेवादारों का शुक्रवार को कैंट रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। बेगमपुरा एक्सप्रेस से पहुंचे करीब 20 सेवादारों का समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने माल्यार्पण और पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया।

समिति के अध्यक्ष दिलीप सिंह 'बंटी' के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में विवेक श्रीवास्तव, संतोष जायसवाल, पियूष गुप्ता, राजेश जायसवाल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। अमरनाथ यात्रा में सेवा कार्य करने वाले दल का नेतृत्व अजीत साव, जितेंद्र साहनी, काजू, वीरेंद्र सिंह और अखिलेश यादव ने किया।

दिलीप सिंह 'बंटी' ने बताया कि समिति पिछले 26 वर्षों से लगातार अमरनाथ यात्रा के दौरान चंदनवाड़ी में विशाल भंडारे का संचालन कर रही है। इस वर्ष भी महादेव की कृपा से हजारों श्रद्धालुओं को भोजन, जलपान तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं समर्पित भाव से उपलब्ध कराई गईं।

उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी भंडारे में पहुंचे और सेवादारों के साथ प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर उन्होंने बनारसी व्यंजनों, विशेषकर पूड़ी, कचौड़ी, जलेबी, दूध और बनारसी पान की सराहना करते हुए स्वयंसेवकों की सेवा भावना की प्रशंसा की।

समिति अध्यक्ष ने कहा कि अमरनाथ यात्रा के दौरान करीब सवा माह तक परिवार से दूर रहकर कठिन मौसम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में श्रद्धालुओं की सेवा करना आसान नहीं होता। समिति के सभी सेवादार बिना किसी पारिश्रमिक के निस्वार्थ भाव से सेवा करते हैं, जो संस्था की पहचान बन चुकी है।

उन्होंने कहा कि समिति में विभिन्न आयु वर्ग और अलग-अलग व्यवसायों से जुड़े लोग शामिल हैं, जो प्रत्येक वर्ष अपनी व्यस्त दिनचर्या से समय निकालकर बाबा बर्फानी के भक्तों की सेवा के लिए अमरनाथ पहुंचते हैं। संस्था श्रद्धालुओं के लिए भोजन, साधु-संतों की सेवा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं निरंतर उपलब्ध कराती आ रही है।

समिति ने इस वर्ष भंडारे के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी सेवादारों, दानदाताओं, प्रशासन, सुरक्षा बलों तथा श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी सेवा भावना के साथ कार्य जारी रखने का संकल्प दोहराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित