न्यू चंड़ीगढ़ , अक्टूबर 04 -- भारतीय एकदिवसीय और टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल का मानना है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज जीतने के बावजूद आगामी विश्वकप से पहले टीम को क्षेत्ररक्षण और डेथ ओवरों में सुधार करना होगा।

तीसरे वनडे में वेस्टइंडीज से मिली हार के बाद गिल ने कहा, "मुझे लगता है कि कई बार हमारी रणनीति स्पष्ट नहीं होती कि हमें आक्रमण करना है या बचाव। ऐसा ख़ासकर डेथ ओवर में गेंदबाजी के दौरान हो रहा है। वनडे क्रिकेट में जब विपक्षी टीम के 5 या 6 विकेट गिर चुके हों, तब सही फील्ड लगाना आसान नहीं होता। हम अक्सर उलझ जाते हैं कि क्या हमें डेथ ओवरों की रणनीति जल्दी अपनानी चाहिए या फिर मिडिल ओवरों की तरह ही हमला जारी रखना चाहिए। इन क्षेत्रों में हमें निश्चित रूप से सुधार करना होगा।"भारत इस सीरीज में जसप्रीत बुमराह (एशियाई खेलों में व्यस्तता) और हार्दिक पांड्या (चोट) के बिना उतरा था। 2027 विश्व कप से पहले भारत को बहुत कम वनडे खेलने हैं। मुख्य कोच गौतम गंभीर ने भी इस बात का जिक्र किया था। टीम चयन से साफ है कि भारत सिर्फ मैच जीतने के लिए नहीं, बल्कि नए विकल्प तलाशने के इरादे से मैदान में उतर रहा है। मोहम्मद सिराज ने सीरीज के तीन में से सिर्फ एक मैच खेला और उसमें भी उन्होंने डेथ ओवरों में गेंदबाजी नहीं की। न्यू चंडीगढ़ में डेब्यू करने वाले अंशुल कम्बोज, गुरनूर बरार और ऑफ स्पिनर नमन धीर ने भी अंतिम 10 ओवरों में गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभाली। वहीं, गुवाहाटी में डेब्यू करने वाले आक़िब नबी ने भी पारी के आखिरी ओवरों में वेस्टइंडीज को रोकने में भूमिका निभाई। हालांकि वह मुक़ाबला 405 बनाम 406 रन का बेहद हाई-स्कोरिंग मैच था।

दोनों टीमों के गेंदबाजों की जमकर पिटाई हुई क्योंकि परिस्थितियां उनके पक्ष में बिल्कुल नहीं थीं। हालांकि, इस दौरान मिला अनुभव अगले साल होने वाले विश्व कप में जरूर काम आएगा। इससे बैक-अप खिलाड़ियों को अंदाज़ा लग गया है कि उन्हें किस स्तर का प्रदर्शन करना है, जबकि मुख्य खिलाड़ी वापसी की तैयारी में जुटे हैं। शनिवार को भारत ने पहले बल्लेबाज़ी चुनी और 4 रन पर 2 विकेट गंवा दिए, लेकिन इसके बावजूद 351 रन बनाए।

तीन मैचों में टीम के प्रदर्शन का आकलन करते हुए गिल ने कहा, "मैं काफ़ी हद तक संतुष्ट हूं, लेकिन अभी भी कुछ क्षेत्रों में सुधार की ज़रूरत है। मुझे लगता है कि हमारी फ़ील्डिंग और बेहतर हो सकती है। पूरी सीरीज़ में हमने छह या सात कैच छोड़े, जो विश्व कप से पहले अच्छा संकेत नहीं है। आप चाहते हैं कि आपकी फिल्डिंग बेहतरीन स्तर की हो।"गिल ने कहा कि वह बोर्ड पर मौजूद स्कोर से "ख़ुश" थे, लेकिन माना कि वेस्टइंडीज़ ने मैच में वापसी की। 46वें ओवर के बाद भारत को धीमी ओवर गति के लिए दंडित किया गया था। इसके कारण आख़िरी कुछ गेंदों में उन्हें बाउंड्री पर सामान्य पांच की जगह केवल चार फील्डर रखने पड़े।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित