जयपुर , मार्च 25 -- राजस्थान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी देवेन्द्र कुमार विश्नोई ने बुधवार को राजस्थान पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र जोधपुर के उपमहानिरीक्षक के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया।
श्री विश्नोई इससे पूर्व कोटपुतली-बहरोड़ के जिला पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनके उत्कृष्ट कार्य अनुभव और प्रशासनिक दक्षता को देखते हुए उन्हें इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण संस्थान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अपने सेवा काल के दौरान वे जयपुर कमिश्नरेट में पुलिस उपाधीक्षक (डीसीपी) मुख्यालय, अजमेर, झुंझुनूं और गंगापुर सिटी जैसे महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात रहकर अपनी कार्यकुशलता साबित कर चुके हैं।
पदभार ग्रहण करने के बाद श्री विश्नोई ने प्रशिक्षण केंद्र के अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और संस्थान की गतिविधियों की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशिक्षण को और अधिक आधुनिक और तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाना उनकी प्राथमिकता रहेगी ताकि फील्ड में जाने वाले पुलिसकर्मी हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार रहें। इस अवसर पर संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित