बैतूल , जनवरी 31 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में छिंदवाड़ा के विशेष सशस्त्र बल के जवान की पत्थर मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है।

मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम हरदौली के पास शुक्रवार शाम नाले में संदिग्ध हालत में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच में सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिलने से मामला हत्या का पाया गया। जांच में सामने आया कि मृतक की पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को नाले में फेंका गया था।

मृतक के कपड़ों में पुलिस जैकेट, पैंट और टोपी मिलने पर पुलिस को उसके विभागीय कर्मचारी होने की आशंका हुई। इसके बाद फोटो सोशल मीडिया और पुलिस विभागीय समूहों में साझा किए गए, जिससे मृतक की पहचान आरएस सरयाम के रूप में हुई। वह छिंदवाड़ा निवासी था और आठवीं बटालियन विशेष सशस्त्र बल में पदस्थ था। वर्तमान में वह उमरिया स्थित ई कंपनी में कार्यरत था और 6 जनवरी को अवकाश पर घर आया था, जिसके बाद वह ड्यूटी पर वापस नहीं लौटा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित