सहारनपुर , मार्च 6 -- भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त विशेष रोल प्रेक्षक निखिल गजराज ने विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 के संबंध में शुक्रवार को एनआईसी सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठक कर संवाद किया तथा फीडबैक लिया।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल भी मौजूद रहे। विशेष रोल प्रेक्षक ने उपस्थित प्रतिनिधियों से परिचय प्राप्त करने के बाद बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के लिए इस जनपद सहित कई जिलों में विशेष रोल प्रेक्षक नियुक्त किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग प्रत्येक वर्ष मतदाता सूची का पुनरीक्षण करता है, लेकिन इस बार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कराया जा रहा है। आयोग की अपेक्षा है कि मतदाता सूची में शामिल सभी मतदाताओं का गहन परीक्षण किया जाए और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में दर्ज न रहे। साथ ही पात्र नागरिकों से फार्म-6 भरवाकर उनके नाम मतदाता सूची में दर्ज कराए जाएं।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के संबंध में आयोग की अपेक्षानुसार विस्तृत जानकारी दी गई तथा आयोग के निर्देशों से अवगत कराया गया। विशेष रोल प्रेक्षक ने पुनरीक्षण कार्य में आ रही कठिनाइयों के बारे में भी जानकारी ली।
विशेष रोल प्रेक्षक ने निर्देश दिए कि नो-मैपिंग और लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी से संबंधित नोटिसों की सुनवाई समय से की जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से विलोपित न हो। उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों के साथ-साथ व्यवहारिक स्तर पर भी समस्याओं का समाधान किया जाए।
बैठक में उपस्थित सभी राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों ने जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा किए जा रहे पुनरीक्षण कार्य की एकमत से सराहना की और कहा कि यह कार्य निष्पक्षता और सतर्कता के साथ किया जा रहा है।
विशेष रोल प्रेक्षक ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपना कार्य पूर्ण निष्पक्षता, सजगता और गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न करें। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों से फार्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में ईपी रेशियो और जेंडर रेशियो में आयोग की अपेक्षानुसार वृद्धि सुनिश्चित की जाए तथा विशेष रूप से युवा मतदाताओं के नाम पंजीकृत कराए जाएं।
बैठक के अंत में उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अनुरोध किया कि वे विशेष पुनरीक्षण के कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करें, ताकि मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सके।
बैठक में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद, अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष राजकुमार पंवार, कांग्रेस प्रतिनिधि सुधांशु धनगर, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय कुमार जैन, समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधि चौधरी अब्दुल गफूर, बहुजन समाज पार्टी के जिला महासचिव सुनीष प्रधान, भाजपा के महानगर महामंत्री योग चुघ, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव राव दाऊद, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष बहादुर सिंह, नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह सहित सभी उपजिलाधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित