जौनपुर , सितंबर 12 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में लाइन बाजार थाना क्षेत्र के रामदयालगंज बाजार में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई विशाल यादव की हत्या के मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है। मृतक के परिजनों ने मल्हनी के सपा विधायक लकी यादव पर हत्या की साजिश में शामिल होने और आरोपितों को शरण देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। विधायक ने इन आरोपों को राजनीतिक विरोधियों की साजिश बताते हुए खारिज किया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार सुबह रामदयालगंज बाजार में पुरानी रंजिश को लेकर हमलावरों ने विशाल यादव पर लोहे की सरिया से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विशाल को उपचार के लिए ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया था। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
नामजद आरोपितों में नीरज यादव पुत्र महेंद्र यादव निवासी गहोरा, थाना लाइन बाजार तथा मनीष यादव पुत्र उदय प्रताप यादव उर्फ लल्लन निवासी चांदपुर, थाना लाइन बाजार शामिल हैं। पुलिस घटना के कारणों, आरोपितों की भूमिका और वारदात में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
घटना के बाद मृतक की मां और भाई ने विधायक लकी यादव पर हत्या की साजिश में भूमिका होने तथा आरोपितों को शरण देने का आरोप लगाया। उनके बयान का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामले को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं।
विधायक लकी यादव ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोप राजनीतिक विरोधियों की साजिश हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस महानिदेशक से मांग करने की बात कही, ताकि वास्तविकता सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो।
आरोपितों के साथ उनकी तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के सवाल पर विधायक ने कहा कि वह राजनीतिक जीवन में हैं और इस दौरान तमाम लोगों के साथ तस्वीरें होना स्वाभाविक है। किसी व्यक्ति के साथ तस्वीर होने का अर्थ यह नहीं निकाला जा सकता कि उसे संरक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने उन चर्चाओं को भी अफवाह बताया, जिनमें आरोपितों की गिरफ्तारी उनके आवास से होने की बात कही जा रही है। विधायक के अनुसार इस तरह की बातें मामले को राजनीतिक रंग देने के लिए फैलाई जा रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित