गरियाबंद , अगस्त 31 -- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-130सी पर सोमवार को जुगाड़ के समीप सड़क पर विशाल पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया और राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार झारियाबहरा से ध्रुवागुड़ी के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग का बड़ा हिस्सा सिंगल लेन होने के कारण पेड़ गिरते ही वाहनों की आवाजाही रुक गई। जुगाड़ के पास सड़क के बीच पेड़ गिरने के बाद दोनों तरफ बड़ी संख्या में वाहन फंस गए।

स्थानीय लोगों के मुताबिक झारियाबहरा से ध्रुवागुड़ी के बीच करीब 40 किलोमीटर के हिस्से में सड़क संकरी होने के कारण बारिश के दौरान इस तरह की समस्या अक्सर सामने आती है। पेड़ गिरने अथवा अन्य अवरोध उत्पन्न होने पर यहां लंबा जाम लग जाता है।

घटना की सूचना वन विभाग को दी गई, जिसके बाद धराशायी पेड़ को हटाकर यातायात बहाल करने के लिए टीम मौके पर भेजी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बार-बार यातायात बाधित होने के बावजूद इससे निपटने के लिए स्थायी और प्रभावी व्यवस्था नहीं है। कई बार वन विभाग और पुलिस को स्थानीय राहगीरों की मदद से रास्ता बहाल करना पड़ता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित