मुरैना , मार्च 01 -- मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी विशाल नेत्र शिविर एवं निःशुल्क नेत्र परीक्षण तथा मोतियाबिंद ऑपरेशन 15, 16 और 17 मार्च को जिला चिकित्सालय मुरैना में आयोजित किए जाने की जानकारी दी।
इस संबंध में विधानसभा अध्यक्ष ने रविवार को सर्किट हाउस पर व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आरती गुर्जर, कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कमलेश कुमार भार्गव, अपर कलेक्टर अश्विनी कुमार रावत, राज्य प्रबंधक इफको भोपाल डॉ. दिनेश कुमार सोलंकी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि विशाल नेत्र शिविर का शुभारंभ 13 मार्च से पुलिस परेड ग्राउंड मुरैना में होगा। इसी दिन विशाल किसान सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले के निर्धन परिवारों के ऐसे व्यक्तियों, जिनकी आंखों की रोशनी कम हो रही है, उनकी निःशुल्क जांच एवं मोतियाबिंद के निःशुल्क ऑपरेशन किए जाएंगे।
कार्यक्रम के तहत 14 मार्च को सिविल अस्पताल अंबाह, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोरसा, आसमानी माता मंदिर ग्राम ओरेठी पोरसा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किर्रायच, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुमावली और जिला चिकित्सालय मुरैना में प्रातः 9 बजे से सायं 4:30 बजे तक जांच शिविर आयोजित होंगे।
15 मार्च को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जौंहा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दिमनी, सिविल अस्पताल खड़ियाहार, सिविल अस्पताल बानमौर और जिला चिकित्सालय मुरैना में प्रातः 9 से सायं 4:30 बजे तक जांच की जाएगी।
16 मार्च को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सबलगढ़, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैलारस, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहाड़गढ़, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिठौराकलां और जिला चिकित्सालय मुरैना में प्रातः 9 से सायं 4:30 बजे तक जांच शिविर लगाए जाएंगे।
मोतियाबिंद के ऑपरेशन 15, 16 एवं 17 मार्च को जिला चिकित्सालय मुरैना में किए जाएंगे। ऑपरेशन हेतु मरीजों को दो पासपोर्ट आकार के फोटो, वोटर आईडी या आधार कार्ड की छायाप्रति एवं मोबाइल नंबर साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित