मुंबई , अगस्त 10 -- आइकॉन स्टार अल्लू अर्जुन ने विशाखापत्तनम में एएए सिनेमाज लॉन्च किया है। तेलुगु सिनेमा के प्रमुख बाजार में शुरू किया गया यह थिएटर दर्शकों को अत्याधुनिक तकनीक और वर्ल्ड-क्लास सिनेमैटिक अनुभव देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
एएए सिनेमाज में हाई-एंड टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है। थिएटर में भारत की पहली एलईडी प्रोजेक्शन क्यू-लक्सन स्क्रीन और आंध्र प्रदेश की सबसे बड़ी एलईडी सिनेमा स्क्रीन होने का दावा किया गया है, जिसका आकार 70 फीट x 30 फीट है। यहां आइकॉन स्टार लाउंज भी बनाया गया है, जिसमें रिक्लाइनर सीटों वाले मेहमानों के लिए विशेष वीआईपी प्रवेश की सुविधा है।
थिएटर में '82 लाउंज' भी है, जहां निजी स्क्रीनिंग और विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं। एएए सिनेमाज में कुल आठ स्क्रीन हैं और इसकी कुल सीटिंग क्षमता 1,556 है।
अल्लू अर्जुन का यह कदम सिर्फ एक नए थिएटर की शुरुआत नहीं, बल्कि मनोरंजन जगत के इकोसिस्टम को मजबूत करने की उनकी प्रतिबद्धता के तौर पर देखा जा रहा है। पर्दे पर अपनी फिल्मों और दमदार अभिनय के जरिए पैन-इंडिया स्टार के रूप में पहचान बना चुके अल्लू अर्जुन अब अपनी सफलता और स्टारडम को फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कारोबार में निवेश के लिए भी इस्तेमाल कर रहे हैं।
अल्लू अर्जुन इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'राका' को लेकर भी चर्चा में हैं। फिल्म के नए अवतार के पोस्टर ने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। अब प्रशंसकों को बड़े पर्दे पर उनकी अगली फिल्म का बेसब्री से इंतजार है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित