जयपुर , अक्टूबर 01 -- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा है कि भारत की विविधता का वास्तविक अर्थ तब सामने आता है, जब अलग-अलग क्षेत्र एक-दूसरे के करीब आते हैं, मिलते हैं और एक-दूसरे की संस्कृति को समझते हैं।
श्री शेखावत ने गुरुवार को जयपुर में वेस्ट जोन कल्चरल सेंटर, उदयपुर की ओर से राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर के सहयोग से आयोजित 'ऑक्टेव 2026' के उद्घाटन अवसर पर यह कही। उन्होंने कहा कि राजस्थान और उत्तर-पूर्व के भूगोल, जलवायु, भाषाओं और सामाजिक परंपराओं में अंतर होने के बावजूद दोनों क्षेत्रों में समुदाय की भावना, शिल्प, संगीत, कहानी कहने और उत्सव मनाने की समृद्ध परंपराएं समान रूप से मौजूद हैं।
उन्होंने कहा कि देश में मुगल आक्रांताओं ने लंबे समय तक शासन किया, लेकिन भारतीय संस्कृति की जीवंतता और मजबूती ऐसी रही कि अंततः उन्हें यहां से जाना पड़ा। उन्होंने कहा कि जो समाज और देश अपनी संस्कृति को भूल जाता है, वह कभी आगे नहीं बढ़ सकता। भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है, जो अलग-अलग भाषाओं, परंपराओं और संस्कृतियों को एकता के सूत्र में पिरोकर रखती है।
उन्होंने कहा कि उत्तर-पूर्व के राज्य अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक परंपराओं के लिए जाने जाते हैं। इन राज्यों की लोक एवं शास्त्रीय कलाएं, जनजातीय और सामुदायिक परंपराएं, हथकरघा, हस्तशिल्प, पारंपरिक पहनावा, खान-पान और पारंपरिक ज्ञान भारत की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करते हैं।
श्री शेखावत ने कहा कि सांस्कृतिक परंपराओं को केवल अतीत की विरासत के रूप में संरक्षित करना पर्याप्त नहीं है। उन्हें जीवंत, प्रासंगिक और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुलभ बनाए रखना भी जरूरी है। उन्होंने राजस्थान और नॉर्थ-ईस्ट के सांस्कृतिक मेल को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि दोनों क्षेत्र एक-दूसरे से सीख सकते हैं और अपनी सांस्कृतिक विशेषताओं को साझा कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि राजस्थान की लोक एवं शास्त्रीय विरासत में संगीत, नृत्य, शिल्प, वस्त्र, कठपुतली और प्रदर्शन कलाओं की समृद्ध परंपरा है। वहीं, नॉर्थ-ईस्ट का संगीत, नृत्य, हथकरघा, हस्तशिल्प, खान-पान और सामुदायिक रीति-रिवाज वहां के जीवन और समाज की विशिष्ट पहचान को सामने लाते हैं।
श्री शेखावत ने कहा कि जब ये परंपराएं एक मंच पर आती हैं, तो भारत की सांस्कृतिक समृद्धि और विविधता को समझने का अवसर मिलता है। 'ऑक्टेव 2026' में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, पारंपरिक परिधानों की प्रदर्शनी, नॉर्थ-ईस्ट क्राफ्ट मेले, चित्रकारों के कैंप और नॉर्थ-ईस्ट के खान-पान को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन देश की सांस्कृतिक विविधता को देखने, समझने और साझा करने का अवसर प्रदान करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित