महासमुंद , दिसंबर 05 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बल्दीडीह गांव में गुरुवार रात एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। विवाह समारोह में शामिल होने रायपुर गए एक व्यापारी के मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब 25 लाख रुपए नकद और लगभग एक करोड़ के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है।

सूत्रों के अनुसार, ग्राम बल्दीडीह निवासी योगेश अग्रवाल परिवार सहित शादी में शामिल होने रायपुर गए थे। इसी दौरान मौका पाकर अज्ञात चोर घर का ताला तोड़कर भीतर घुसे और आलमारी में रखी नगदी और लंबे समय से संजोकर रखे गए आभूषण लेकर फरार हो गए। घर लौटने पर जब परिजनों ने सामान बिखरा हुआ देखा, तब चोरी का पता चला।

घटना की सूचना मिलते ही सांकरा पुलिस, साइबर सेल, फिंगरप्रिंट टीम, फोरेंसिक यूनिट और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंच गए और जांच प्रारंभ कर दी। आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों का फुटेज खंगाला जा रहा है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा तिवारी ने बताया कि घटना स्थल से अहम सुराग जुटाए जा रहे हैं। तकनीकी जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर पुलिस को मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लगातार चोरी की वारदातें बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा का माहौल पैदा हो रहा है। पुलिस टीम लगातार जांच में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित