अलवर , अक्टूबर 10 -- राजस्थान में अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक गर्भवती विवाहिता ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान जनता कॉलोनी निवासी अंतिमा (28) के रूप में हुई है। मृत्यु पूर्व लिखे पत्र में अंतिमा ने अपने पति, सास और ससुर पर दहेज की मांग को लेकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने बताया कि शाम वह अपने पिता के घर से स्कूटी लेकर निकली थी। काफी देर तक वह नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बाद में रेलवेकर्मी से परिजनों को घटना की जानकारी मिली।
घटना के बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर अंतिमा को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित