भरतपुर , अगस्त 30 -- राजस्थान में भरतपुर के सेवर थाना क्षेत्र में कुम्हा गांव में रविवार को संदिग्ध हालत में एक विवाहिता की मौत के बाद पुलिस ने गुपचुप तरीके से की जा रही अंतिम संस्कार की तैयार रुकवा दी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि रिंकी (22) की शादी तीन महीने पहले ही कुम्हा गांव निवासी केशव (27) से हुई थी। मृतका के भाई की सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिये आरबीएम अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस महिला की मौत के कारणों की जांच कर रही है। शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

ससुराल पक्ष ने बताया कि रिंकी की शादी से पहले से ही तबीयत खराब रहती थी और उसे सांस संबंधी बीमारी थी। शादी के बाद भी उसकी तबीयत अक्सर खराब रहती थी। शादी के बाद वह केवल दो बार ही ससुराल आई थी। तीन दिन पहले ही वह दूसरी बार ससुराल आई थी। रविवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन रिंकी को सेवर के एक निजी अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित