बुरहानपुर , अक्टूबर 23 -- मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में नवरात्रि के दौरान माता प्रतिमा विसर्जन के समय विवाद करने और शासकीय अस्पताल में झगड़ा करने के मामलों में खकनार थाना पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर तहसीलदार न्यायालय में पेश किया।

पुलिस के अनुसार, बुधवार को खकनार में माता प्रतिमा विसर्जन के दौरान अभय पिता अजय सिंह दीक्षित ने लोगों से विवाद किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाइश दी, लेकिन उसके नहीं मानने पर कार्रवाई की गई। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 115(2) और 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

इसी दौरान खकनार के शासकीय अस्पताल में नीलेश पिता केमाल सिंह भिलावेकर द्वारा विवाद किए जाने की सूचना मिली। पुलिस ने उसके खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया। दोनों मामलों में पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद युवकों को तहसीलदार न्यायालय में पेश किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित