नयी दिल्ली , मार्च 31 -- देश की अग्रणी विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने ब्रिटिश एयरवेज के पूर्व प्रमुख विलियम वॉल्श को नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया है।

खुद एक पायलट रहे श्री वॉल्श इस समय अंतर्राष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ (आयटा) के महानिदेशक पद पर हैं, जहां उनका कार्यकाल 31 जुलाई 2026 को समाप्त हो रहा है।

एयरलाइंस ने मंगलवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इंडिगो के निदेशक मंडल ने मंगलवार को हुई बैठक में श्री वॉल्श की नियुक्ति पर मुहर लगायी। वह तीन अगस्त तक अपना कार्यभार ग्रहण कर लेंगे। इस नियुक्ति को नियामकीय मंजूरियां मिलनी अभी शेष हैं।

श्री वॉल्श पूर्व में ब्रिटिश एयरवेज, एयर लिंगस और इंटरनेशनल एयरलाइंस ग्रुप के सीईओ रह चुके हैं।

इससे पहले, नौ मार्च को इंडिगो के तत्कालीन सीईओ पीटर एल्बर्स ने निजी कारणों का हवाला देते हुए तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया था। उनका इस्तीफा पिछले साल दिसंबर में एयरलाइंस के परिचालन में हुए बड़े व्यवधान के तीन महीने बाद आया था, जिसमें एक सप्ताह के अंदर हजारों की संख्या में उड़ानें रद्द रही थीं और लाखों यात्री प्रभावित हुए थे।

श्री एल्बर्स के इस्तीफे के बाद से अंतरिम व्यवस्था के तहत कंपनी के प्रबंध निदेशक राहुल भाटिया एयलाइंस के प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

इंडिगो के चेयरमैन विक्रम सिंह मेहता ने श्री वॉल्श को एयरलाइंस की कमान सौंपने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि विमानन क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर उनका ट्रैक रिकॉर्ड काफी अच्छा है। बड़ी विमान सेवा कंपनियों के परिचालन के प्रबंधन में उनका अनुभव उन्हें नयी जिम्मेदारी के लिए बिल्कुल आदर्श बनाता है। उनकी नियुक्ति इंडिगो के लिए एक नये अध्याय की शुरुआत होगी।

श्री वॉल्श ने कहा कि इंडिगो का आधार मजबूत है। विमानन क्षेत्र तेजी से बदल रहा है और इंडिगो इस बदलाव के नेतृत्व करने की स्थिति में अग्रणी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित