उज्जैन , सितंबर 02 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ महापर्व-2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे मदीना मस्जिद के चिन्हित हिस्से को हटाने की कार्रवाई मुस्लिम समाज के विरोध के बाद प्रशासन ने दो दिन के लिए टाल दी है।धार्मिक नगरी में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत विभिन्न मार्गों के चौड़ीकरण और सीवेज लाइन डालने का काम चल रहा है। इसके तहत प्रशासन और नगर निगम द्वारा निर्माण एवं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन और नगर निगम की टीम मंगलवार को सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे मदीना मस्जिद तथा दाऊदी बोहरा समाज की एक मस्जिद के चिन्हित हिस्सों को हटाने पहुंची थी। टीम ने पहले दाऊदी बोहरा समाज की मस्जिद के चिन्हित हिस्से को हटाया। इसके बाद मदीना मस्जिद के हिस्से पर कार्रवाई शुरू करने पहुंची टीम का मुस्लिम समाज के लोगों ने विरोध किया।

बताया गया है कि समाज के लोग काजी के साथ मौके पर पहुंचे। मस्जिद से घोषणा के बाद बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और पुरुष भी वहां एकत्रित हो गए। भीड़ बढ़ने और तनाव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने कार्रवाई रोक दी तथा पुलिस बल को भी मौके से हटा लिया।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार स्थिति का आकलन करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मदीना मस्जिद के चिन्हित हिस्से को हटाने की कार्रवाई दो दिन के लिए स्थगित की गई है। मुस्लिम समाज की ओर से कहा गया है कि समाज और प्रशासन के बीच आपसी सहमति के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित