चंडीगढ़ , मई 11 -- कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी के सांसद कोटे से मिले धन और 'ज्ञान सेतु' थिंक टैंकके सहयोग से यहां सेक्टर-11 स्थित गवर्नमेंट पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में युवाओं के लिए एक विशेष 'ज्ञान केंद्र' स्थापित किया गया है।
इस परियोजना के लिए सांसद निधि से 10 लाख रुपये की सहायता दी गयी। 'ज्ञान सेतु' थिंक टैंक में भारतीय सेना, वायु सेना और नौसेना के सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं, जो रणनीतिक मामलों और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे विषयों पर नियमित चर्चा करते हैं। संस्था का उद्देश्य अपने वर्षों के अनुभव और संस्थागत ज्ञान को नयी पीढ़ी तक पहुंचाना है।
कॉलेज में 1982 से चल रहे रक्षा अध्ययन और रक्षा पत्रकारिता पाठ्यक्रम को आधार बनाकर शुरू की गयी इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को सशस्त्र सेनाओं में करियर के अवसरों से परिचित कराना है। साथ ही यह मंच अंतरराष्ट्रीय संबंध, रणनीतिक मामलों और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे विषयों पर अध्ययन, संवाद और पॉडकास्ट जैसी गतिविधियों के जरिए युवाओं की रुचि बढ़ाने का काम करेगा।
उद्घाटन अवसर पर श्री तिवारी ने कहा कि दुनिया इस समय अस्थिर वैश्विक परिस्थितियों से गुजर रही है। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद बनी विश्व व्यवस्था कमजोर पड़ चुकी है और नयी व्यवस्था अभी पूरी तरह स्थापित नहीं हुई है। ऐसे समय में भारत को आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए अपनी सामूहिक शक्ति का प्रभावी उपयोग करना होगा।
कार्यक्रम में सेना के कई वरिष्ठ सेवानिवृत्त अधिकारी, शिक्षाविद्, कॉलेज प्रबंधन और फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में इस पहल का विस्तार शहर के अन्य शैक्षणिक संस्थानों तक भी किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित