धार , दिसंबर 2 -- मध्यप्रदेश में धार जिले का ऐतिहासिक लुनेरा सराय किला अब नए रूप में पर्यटकों का आकर्षण बनने जा रहा है। वर्षों से उपेक्षित पड़ा यह किला अब पर्यटन विभाग की पहल पर हेरिटेज होटल में तब्दील किया जा रहा है। धार-नागदा गुजरी मार्ग पर स्थित इस किले का रिनोवेशन पिछले तीन-चार वर्षों से भोपाल की एक निजी एजेंसी द्वारा किया जा रहा है, जो अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। पर्यटन विभाग ने इस किले को लीज पर देकर विकास का रास्ता खोल दिया है और इसके समीप 104 कमरों वाला फाइव स्टार लग्जरी होटल बनाया जा रहा है।
इस परियोजना पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। एमपी टूरिज्म बोर्ड द्वारा प्रदेश में 26 स्थानों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की योजना में लुनेरा सराय भी शामिल है। इन स्थानों पर हेरिटेज होटल, होटल, रिसॉर्ट, मिनी रिसॉर्ट, फिक्स टेंटिंग यूनिट, हेल्थ एंड वेलनेस रिसॉर्ट और वाइल्डलाइफ रिसॉर्ट विकसित किए जाएंगे। यह सभी परियोजनाएं निजी निवेशकों के सहयोग से संचालित की जा रही हैं।
किले का रिनोवेशन होने और होटल निर्माण के साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद भी बढ़ गई है। पुरातत्व विभाग द्वारा किले को पर्यटन विभाग को हैंडओवर करने के बाद लीज प्रक्रिया अपनाई गई थी। फिलहाल किले के संरक्षण और होटल निर्माण के काम में कई स्थानीय लोग प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से जुड़े हुए हैं।
इतिहासकारों के अनुसार सराय किले का निर्माण 17वीं सदी में हुआ था। किले की बाहरी दीवार और गेट लाल पत्थर से बने हैं, जो संरचना को धार किले जैसा स्वरूप देते हैं। मुगल काल में यह स्थान बाहरी अतिथियों के ठहरने के लिए उपयोग में लाया जाता था, इसी कारण इसका नाम सराय पड़ा। माना जाता है कि मुगल बादशाहों की बेगमों के करीबी मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था भी यहीं की जाती थी और शादी-विवाह जैसे आयोजनों में इस स्थल का उपयोग होता था।
ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए कहा जाता है कि मांडव आने-जाने के दौरान मुगल बादशाह और अन्य शासक अपने दल-बल के साथ यहां रुककर विश्राम करते थे। अकबर सहित कई मुगल शासक यहां ठहरे होने का उल्लेख मिलता है। हालांकि, अधिकांश पर्यटक जानकारी के अभाव में इस स्थल तक नहीं पहुंच पाते। पर्यटन विभाग का मानना है कि विकास कार्य पूरा होने के बाद लुनेरा सराय प्रदेश का नया पर्यटन आकर्षण बन सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित