मॉस्को , मार्च 24 -- रूस ने वियतनाम में परमाणु ऊर्जा संयंत्र बनाने के लिए एक सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किये हैं। दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच हुई वार्ता के बाद यह निर्णय लिया गया है।

वियतनाम के प्रधानमंत्री फाम मिन्ह चिन्ह और उनके रूसी समकक्ष मिखाइल मिशुस्टिन ने सोमवार को मॉस्को में इस सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किए। श्री चिन्ह पश्चिमी एशिया में चल रहे युद्ध के बीच रूस की यात्रा पर हैं। माना जा रहा है कि रूस से ऊर्जा सुरक्षित करने के लिए वियतनामी प्रधानमंत्री का यह दौरा महत्वपूर्ण है।

समझौते के तहत वियतनाम के निन्ह थुआन प्रांत में 2400 मेगावाट की कुल उत्पादन क्षमता वाले दो रिएक्टरों का निर्माण किया जाएगा, हालांकि अभी इसके निर्माण के लिए निश्चित समय सीमा की घोषणा नहीं की गयी है।

दोनों नेताओं ने वियतनाम में परमाणु ऊर्जा संयंत्र के निर्माण को शांतिपूर्ण उद्देश्यों और परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने में एक महत्वपूर्ण कदम माना। दोनों नेताओं का मानना है कि यह वियतनाम और रूस के बीच मित्रता के लिए एक नयी प्रतीकात्मक परियोजना होगी।

दोनों नेताओं ने इस बात पर जोर दिया है कि दोनों पक्षों के बीच हाल के वर्षों में ऊर्जा, तेल और गैस क्षेत्र में सहयोग बढ़ा है, जो दोनों देशों के बीच मजबूत होते रिश्ते का प्रतीक है। उन्होंने इस रणनीतिक सहयोग को और आगे ले जाने तथा परियोजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के अपने संकल्प को भी दोहराया।

इसके अतिरिक्त, दोनों पक्ष जल्द ही स्वच्छ ऊर्जा और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्रों में सहयोग का अध्ययन करने और विस्तार करने पर सहमत हुए, जो हरित परिवर्तन और सतत विकास में योगदान देगा।

दोनों प्रधानमंत्रियों ने सहमति व्यक्त की कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग को वास्तव में सहयोग का एक नया स्तंभ बनना चाहिए। वे मौजूदा सहयोग के आधार का लाभ उठाने, संभावित परियोजनाओं का और विस्तार करने, विशेष रूप से सूचना प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्रों में और वियतनाम-रूस ट्रॉपिकल सेंटर के ढांचे के भीतर वैज्ञानिक अनुसंधान सहयोग का विस्तार करने पर भी सहमत हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित