हैदराबाद , जुलाई 14 -- वियतनाम में नौका दुर्घटना में जान गंवाने वाले आंध्र प्रदेश के तीन पर्यटकों के शव मंगलवार सुबह शमशाबाद स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के कार्गो टर्मिनल पहुंचे, जहां से उन्हें राज्य सरकार की व्यवस्था के तहत उनके पैतृक स्थानों के लिए रवाना किया गया।

अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में कडप्पा जिले के श्रीधर, मछलीपट्टनम की जयश्री और हिंदूपुर के रवि तेजा शामिल हैं। शवों को भारत लाने की कानूनी औपचारिकताएं मुंबई में पूरी किए जाने के बाद सुबह करीब साढ़े सात बजे हैदराबाद लाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और मंत्री एन. लोकेश ने पार्थिव शरीरों की स्वदेश वापसी की पूरी प्रक्रिया की लगातार निगरानी की तथा भारतीय दूतावास और वियतनाम के अधिकारियों के साथ समन्वय कर प्रक्रिया में तेजी सुनिश्चित की।

आंध्र प्रदेश के मंत्री कोंडापल्ली श्रीनिवास ने शमशाबाद हवाई अड्डे पर पार्थिव शरीर प्राप्त किए और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने इस दुख की घड़ी में राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

आंध्र प्रदेश नॉन-रेजिडेंट तेलुगु सोसायटी (एपीएनआरटीआई) ने कडप्पा, मछलीपट्टनम और हिंदूपुर तक पार्थिव शरीरों को नि:शुल्क पहुंचाने के लिए विशेष एम्बुलेंस की व्यवस्था की। हवाई अड्डे पर परिजनों को पार्थिव शरीर सौंपे जाने के बाद उन्हें अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक स्थानों पर भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित