हनोई , जनवरी 23 -- वियतनाम की कम्युनिस्ट पार्टी (सीवीपी) के 14वें राष्ट्रीय कांग्रेस के समापन पर टो लैम को 2026-31 के कार्यकाल के लिए एक बार फिर सर्वसम्मति से पार्टी का महासचिव चुना गया है। पार्टी की नवनिर्वाचित केंद्रीय समिति की शुक्रवार सुबह हुई पहली बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।

स्थानीय मीडिया वीएनए के अनुसार आशा की जा रही है कि श्री लैम को दोबारा सत्ता साैंपने से देश में राजनीतिक स्थिरता और निरंतरता का संदेश मिलेगा, क्योंकि वियतनाम ने अपनी स्थापना के शताब्दी वर्ष 2045 तक एक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में अपनी नयी यात्रा शुरू कर दी है।

बैठक के बाद जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने लोकतांत्रिक केंद्रीयता के सिद्धांतों के आधार पर भविष्य की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया है।

वियतनाम ने विकास के नए प्रतिमानों को स्थापित करते हुए अगले पांच वर्षों के लिए एक महत्वाकांक्षी आर्थिक संकल्प अपनाया है, जिसमें 2026 से 2030 के बीच कम से कम 10 प्रतिशत की औसत वार्षिक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) विकास दर का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही दशक के अंत तक देश की प्रति व्यक्ति आय को बढ़ाकर 8,500 अमेरिकी डॉलर तक पहुंचाने की योजना है। इस नई नीति के तहत विनिर्माण क्षेत्र की हिस्सेदारी अर्थव्यवस्था में 28 प्रतिशत और डिजिटल अर्थव्यवस्था का योगदान 30 प्रतिशत तक करने का लक्ष्य है। उत्पादकता में वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए पार्टी ने श्रम उत्पादकता में वार्षिक 8.5 प्रतिशत की दर से बढ़ोतरी करने पर भी विशेष जोर दिया है।

राष्ट्रीय विकास के अगले चरण में विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार को मुख्य चालक के रूप में पहचानते हुए वियतनाम ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सेमीकंडक्टर जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में भारी निवेश और कार्यबल विकास का फैसला किया है। इसके साथ ही सरकार ने कानूनों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने के लिए व्यापक संस्थागत सुधारों का खाका तैयार किया है ताकि व्यापार करने की लागत को कम किया जा सके। स्थानीय अधिकारियों को अधिक स्वायत्तता देने और विकेंद्रीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने का भी संकल्प लिया गया है, जिससे सरकारी कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित