नयी दिल्ली , मई 08 -- वियतनाम की विमान सेवा कंपनी वियतजेट ने भारत में विस्तार के लिए जीएमआर समूह की कंपनी जीएमआर एयरपोर्ट्स और ग्राउंड हैंडलिंग तथा एमआरओ सेवा प्रदाता बर्ड ग्रुप के साथ रणनीतिक सहयोग समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं।

वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम की भारत यात्रा के दौरान आयोजित भारत-वियतनाम बिजनेस फोरम में इन समझौतों पर हस्ताक्षर किये गये। वियतजेट ने शुक्रवार को बताया कि इन समझौतों का उद्देश्य दोनों देशों के बीच विमानन अवसंरचना, सेवाओं, प्रौद्योगिकी और संपर्क में सहयोग को आगे बढ़ाना है।

ये समझौते भारत और वियतनाम के बीच विमानन, लॉजिस्टिक्स, अवसंरचना, प्रौद्योगिकी और पर्यटन के क्षेत्रों में व्यापक सहयोग का मार्ग प्रशस्त करते हैं। साथ ही विकास के नये चरण में दोनों देशों के बीच आर्थिक, व्यापारिक और लोगों के बीच संपर्क को और मजबूत बनाने में योगदान देंगे।

वियतजेट और जीएमआर एयरपोर्ट्स हवाई संपर्क, हवाई अड्डा अवसंरचना, लॉजिस्टिक्स, विमानन सेवाओं, स्मार्ट एयरपोर्ट्स और दीर्घकालिक निवेश पहलों के संयुक्त विकास के अवसरों का पता लगायेंगे। वहीं, बर्ड ग्रुप के साथ वियतजेट की साझेदारी ग्राउंड हैंडलिंग सेवाओं, प्रशिक्षण, विमानन प्रौद्योगिकी, यात्रा और आतिथ्य सेवाओं पर केंद्रित होगी, जिसका उद्देश्य सेवा गुणवत्ता और यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित