बारां , अगस्त 14 -- राजस्थान में बारां में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से आयोजित बैठक में विभाजन की त्रासदी में जान गंवाने वाले और विस्थापन का दंश झेलने वाले लाखों लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने की, जबकि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संभाग प्रभारी अल्का मुंदड़ा मुख्य अतिथि रहीं।
मुख्य अतिथि अल्का मुंदड़ा ने कहा कि देश का विभाजन भारतीय समाज के लिए गहरा आघात था। विभाजन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को अपना घर-बार छोड़कर विस्थापित होना पड़ा और परिवार बिछड़ गये। उन्होंने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का उद्देश्य उन लोगों के संघर्ष, पीड़ा और बलिदान को स्मरण करना है।
उन्होंने कहा कि नयी पीढ़ी को देश के स्वतंत्रता संग्राम, विभाजन और राष्ट्र निर्माण के इतिहास से अवगत कराना जरूरी है। युवाओं को यह समझना चाहिए कि देश ने लंबे संघर्ष और कठिन परिश्रम के बाद वर्तमान विकास एवं आधारभूत ढांचा हासिल किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे बच्चों और युवाओं को देश के इतिहास की जानकारी दें और राष्ट्रहित में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित