नयी दिल्ली , अगस्त 20 -- विशेष उद्देश्यों के लिए रसायन बनाने वाली कंपनी विपुल ऑर्गेनिक्स ने गुरुवार को गुजरात के सायखा में स्थित अपने नये संयंत्र में वाणिज्यिक उत्पादन शुरू कर दिया।

कंपनी ने बताया कि वह महाराष्ट्र स्थित तारापुर संयंत्र में होने वाले अपने पिगमेंट विनिर्माण को सायखा हब में स्थानांतरित कर रही है। सायखा संयंत्र में बाजार की मांग के अनुरूप भविष्य में उत्पादन को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाने के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा और क्षमताएं मौजूद हैं।

सायखा में शुरुआती चरण में 1,800 टन पिगमेंट का उत्पादन शुरू किया जायेगा। इसे संयंत्र को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह सालाना 3,600 टन से अधिक पिगमेंट उत्पादन को समर्थन दे सके।

सायखा संयंत्र का निर्माण गुजरात औद्योगिक विकास निगम (जीआईडीसी) से अधिग्रहित 24,633.11 वर्ग मीटर के औद्योगिक भूखंड पर किया गया है। यह गुजरात के पेट्रोलियम, रसायन एवं पेट्रो-रसायन निवेश क्षेत्र के भीतर स्थित है। दिल्ली-मुंबई औद्योगिक गलियारे में रणनीतिक रूप से स्थित यह संयंत्र प्रस्तावित समर्पित मालवहन गलियारे के निकट और दहेज बंदरगाह के पास है। यह कंपनी के घरेलू और निर्यात दोनों बाजारों तक पहुंच को मजबूत करने के लिए विशिष्ट रूप से अनुकूल स्थिति में है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित