लखनऊ , जुलाई 23 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि विपक्ष संसद में चर्चा से बच रहा है, जबकि केंद्र सरकार सभी मुद्दों पर बहस के लिए तैयार है।

पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि संसद लोकतांत्रिक व्यवस्था का सर्वोच्च मंच है और राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर चर्चा तथा समाधान वहीं होना चाहिए। उन्होने कहा कि सरकार ने विपक्ष से बातचीत के लिए अपने मंत्रियों को भेजा, लेकिन विपक्ष ने सहयोग नहीं किया। विपक्ष के पास कोई मुद्दा है तो उसे संसद के भीतर उठाना चाहिए। सरकार प्रत्येक विषय पर तथ्यों के साथ अपना पक्ष रखने के लिए तैयार है।

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का नाम लिए बिना उनकी आलोचना करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि संसद में चर्चा करने के बजाय धरना-प्रदर्शन करना लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास के सामने प्रदर्शन करना लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति सम्मान की भावना के विपरीत है। चौधरी ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्ष युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है और परीक्षा संबंधी अनियमितताओं के मामलों में आवश्यक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि जिन परीक्षाओं पर सवाल उठे, उनमें दोबारा परीक्षा आयोजित कर लाखों विद्यार्थियों के हितों की रक्षा की गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में फास्ट ट्रैक अदालतों जैसी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया गया है, ताकि अपराधियों को शीघ्र सजा मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों और युवाओं के साथ किसी प्रकार का अन्याय नहीं होने देने के लिए प्रतिबद्ध है।

श्री चौधरी ने विपक्ष से संसद की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा के लिए सदन का चलना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को सड़क पर आंदोलन करने के बजाय संसद में अपनी बात रखनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित