रायपुर , जुलाई 20 -- छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सोमवार को नीट परीक्षा विवाद, समान नागरिक संहिता (यूसीसी), स्मार्ट मीटर, बिजली बिल, स्थानीय निकायों की सीएजी रिपोर्ट तथा राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष तथ्यहीन आरोपों के जरिए सरकार की छवि खराब करने का प्रयास कर रहा है।

नीट परीक्षा विवाद और युवाओं के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए साव ने कहा, "सरकार ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए दोबारा परीक्षा आयोजित कराई. इसके बावजूद विपक्ष सरकार को बदनाम करने और देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रहा है, लेकिन वह अपने मंसूबों में सफल नहीं होंगे."प्रदेश में यूसीसी लागू किए जाने को लेकर कांग्रेस द्वारा आदिवासी समाज को नुकसान होने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि सरकार पहले ही स्थिति स्पष्ट कर चुकी है। उन्होंने कहा, "सरकार कई बार स्पष्ट कर चुकी है कि आदिवासी समाज को यूनिफॉर्म सिविल कोड से किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होगी. संविधान की भावना के अनुरूप प्रक्रिया आगे बढ़ रही है और सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता में गठित समिति लोगों से सुझाव लेकर सरकार को प्रारूप सौंपेगी." उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित