मिर्जापुर , मई 27 -- उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल भाजपा की लगातार चुनावी सफलताओं को पचा नहीं पा रहे हैं। उन्होंने 'काकरोच पार्टी' के बढ़ते प्रभाव और समर्थन पर टिप्पणी करते हुए इसे विदेशी षड्यंत्र करार दिया।
डॉ. शर्मा बुधवार को विश्व प्रसिद्ध मां विंध्यवासिनी देवी के दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि "काकरोच गंदी जगहों पर रहता है" और विपक्षी दल बंगाल सहित अन्य राज्यों में भाजपा की बढ़ती ताकत से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, आम आदमी पार्टी, भाकपा और माकपा समेत कई दल भाजपा के बढ़ते जनाधार से चिंतित हैं, जबकि तृणमूल कांग्रेस अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है।
समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने कहा था कि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनते ही केंद्र सरकार गिर जाएगी, डॉ. शर्मा ने तंज कसते हुए कहा, "न नौ मन तेल होगा, न राधा नाचेगी।" उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" की नीति के कारण आज देश के 22 राज्यों में भाजपा या भाजपा गठबंधन की सरकारें हैं। डॉ. शर्मा मिर्जापुर में पद्म विभूषण से सम्मानित प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पंडित छन्नूलाल मिश्र की स्मृति में संगीत एवं सांस्कृतिक विरासत संरक्षण समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अलग होने के बाद उत्तर प्रदेश में पर्यटन की दृष्टि से केवल दो प्रतिशत क्षेत्र बचा था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि विंध्य क्षेत्र में पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत की अपार संभावनाएं हैं तथा इस तरह के कार्यक्रम सांस्कृतिक धरोहर को आगे बढ़ाने में सहायक होंगे। इससे पूर्व डॉ. शर्मा ने विंध्याचल धाम पहुंचकर विधि-विधान से मां विंध्यवासिनी देवी की पूजा-अर्चना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित