जयपुर , अप्रैल 20 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विपक्ष पर महिलाओं के हक और सपनों को कुचलने का आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गत 17 अप्रैल को महिलाओं के लिए स्वर्णिम दिन बनाने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम लेकर आये लेकिन विपक्षी दलों ने एकजुट होकर इस दिन को आधी आबादी के लिए काला अध्याय बना दिया।
श्री शर्मा सोमवार को जयपुर में महिला जन आक्रोश पदयात्रा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश की महिला शक्ति इसके लिए विरोधी दलों को कभी माफ नहीं करेगी और श्री मोदी आधी आबादी को उनका पूरा हक जरूर दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में हमेशा से महिलाओं के सम्मान को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। हमारी भाजपा सरकार ने नीति निर्माण में नारी शक्ति की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की सबसे बड़ी पंचायत में लेकर आये।
उन्होंने कहा कि परिवारवादी मानसिकता वाले राजनीतिक दल कांग्रेस, तृणमूल, समाजवादी पार्टी ने लोकसभा में एकजुट होकर इस विधेयक को गिराने का काम किया। महिलाओं के हक को हथियाने और आधी आबादी के सपनों को कुचलने की इस साजिश के लिए विपक्ष को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। हमारी सरकार राष्ट्रहित जो भी कार्य करती है, उसका विरोध करना कांग्रेस की पुरानी आदत है। इन्होंने अनुच्छेद 370 हटाये जाने एवं समान नागरिक संहिता का विरोध किया। इतना ही नहीं इन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सेना के शौर्य पर भी सवाल उठाये।
श्री शर्मा ने कहा कि श्री मोदी का मानना है कि हमारा समाज और देश तभी प्रगति करेगा, जब महिलाएं हर क्षेत्र में भागीदारी निभाएंगी। श्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार 2014 से लगातार महिला उत्थान के लिए कार्यकर रही है और हमारी डबल इंजन की सरकार 'बेटी बचाओ-बेटी पढाओ', उज्ज्वला योजना, लखपति दीदी, प्रधानमंत्री जन-धन योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से महिला सशक्तीकरण का कार्य किया जा रहा हैं उन्होंने कहा कि महिला विरोधी मानसिकता वाले विपक्षी दलों को यह नहीं भूलना चाहिए कि विकसित भारत-विकसित राजस्थान का सपना नेतृत्व से लेकर नीति निर्माण में महिलाओं की सहभागिता के बिना संभव नहीं होगा। कांग्रेस ने देश में लंबे समय तक शासन किया उन्होंने महिला अधिकारों की बात तो कि लेकिन नेतृत्व में महिलाओं के इस अधिकार को लेकर कभी आगे बढ़ने की जहमत नहीं उठायी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित