चंडीगढ़ , अप्रैल 22 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विपक्ष लगातार नये-नये तरीके अपनाकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन लोग सच्चाई से वाकिफ हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में कई कल्याणकारी योजनाएं लागू की गयीं, बावजूद इसके विपक्ष नेकभी उनकी सराहना नहीं की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया।
उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में कांग्रेस शासनकाल की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की जनता विपक्ष को नकार चुकी है। उनका आरोप था कि विपक्ष को डर है कि महिलाओं के सशक्त होने से उसकी राजनीतिक प्रासंगिकता समाप्त हो जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष देश की सेवा करने के बजाय समस्याएं पैदा कर रहा है। अनुच्छेद 370 और नक्सलवाद जैसे मुद्दों को उन्होंने कांग्रेस की नीतियों का परिणाम बताते हुए कहा कि इन्हें अब सुलझाया जा रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है, जबकि कांग्रेस शासनकाल में गरीबी बढ़ी थी।
पश्चिम बंगाल के संदर्भ में उन्होंने कहा कि वहां प्रधानमंत्री की नीतियों के लाभों पर चर्चा तेज हो रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पश्चिम बंगाल और पंजाब में बदलाव देखने को मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 21वीं सदी का एक ऐतिहासिक निर्णय बताया है, जो महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित