नयी दिल्ली , अगस्त 03 -- लोक सभा में सोमवार को विद्यार्थियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को लेकर जवाबदेही तय करने और अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की जांच की मांग करते हुए विपक्षी सदस्यों ने जमकर हंगामा किया, जिसके कारण कार्यवाही अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी।

इससे पहले पूर्वाह्न 11 बजे प्रश्न काल शुरू होते ही विपक्षी सदस्य इन्हीं मुद्दों को लेकर हंगामा करने लगे, जिससे अध्यक्ष ओम बिरला ने कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी थी। दोपहर 12 बजे कार्यवाही पुन: शुरू होते ही पीठासीन कृष्ण प्रसाद तेन्नेटी ने शोरगुल और हंगामे के बीच विधायी दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाये। इस दौरान हंगामा कर रहे कई सदस्य सदन के बीचोंबीच आ गये। कुछ सदस्य प्लेकार्ड और तख्तियां भी लिये थे।

श्री तेन्नेटी ने शोरगुल कर रहे सदस्यों से कहा कि वे अपने-अपने स्थानों पर जाएं और कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने में सहयोग दें। उनकी अपील का शोरगुल कर रहे सदस्यों पर कोई असर नहीं हुआ तो उन्होंने कार्यवाही अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

इससे पहले अपराह्न 11 बजे कार्यवाही शुरू होते ही श्री बिरला ने सदन को राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के बारे में सूचित किया और खिलाड़ियों को बधाई दी।इसके बाद श्री बिरला ने जैसे ही प्रश्नकाल शुरू करने की कोशिश की तो विपक्षी सदस्य हंगामा करने लगे। इस पर अध्यक्ष ने कहा कि वे तय करके आते हैं कि सदन में नियोजित तरीके से अवरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रश्नकाल महत्वपूर्ण होता है, इसलिए नियोजित तरीके से सदन को बाधित करना उचित नहीं है।

अध्यक्ष के आग्रह के बावजूद हंगामा नहीं थमा, जिसके कारण उन्होंने सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित