जयपुर , अगस्त 03 -- केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने हाल में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन में की गयी बयानबाजी को गलत बताते हुए दावा किया है कि विपक्ष में इतनी ताकत नहीं है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार को बदल दे।
श्री अठावले ने सोमवार को यहां प्रेस कांफ्रेस में कहा कि हाल में नयी दिल्ली में जंतर मंतर पर सीजेपी प्रदर्शन के बाद हमारी सरकार ने आंदोलनकारियों की मांगे मान ली और केन्द्रीय शिक्षा मंत्री का भी इस्तीफा हो गया और इनका आंदोलन सफल भी रहा लेकिन अभी केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह का इस्तीफ मांगेंगे, फिर किसी और का मांगेंगे, इस तरह की भूमिका ठीक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यह सरकार बदल देंगे, इस तरह कहना ठीक नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि सीजेपी के लोग डटे रहे कि यह सरकार बदलनी चाहिए, लेकिन यह इतना आसान नहीं हैं और विपक्ष के नेता राहुल गांधी, अखिलेश यादव और ममता बनर्जी में इतनी ताकत नहीं हैं कि वे हमारी सरकार बदल सके। उन्होंने कहा कि जनता जो निर्णय लेगी वह उन्हें मंजूर हैं लेकिन यह सरकार बदल देंगे इस तरह का कहना ठीक नहीं हैं।
श्री अठावले ने कहा कि आंदोलन किया और आखिर में गड़बड़ हो गयी दुबारा ऐसा नहीं होना चाहिए, लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने का हक होता है लेकिन जंतर मंतर पर प्रदर्शकारियों ने अवरोधक तोड़कर संसद की तरफ बढ़ने पर लाठीचार्ज करना पड़ा जबकि इससे पहले हुए कई आंदोलनों में प्रदर्शनकारी पुलिस के रोकने पर रुके हैं जिससे इस तरह की कोई नौबत नहीं आई।
उन्होंने कहा कि यह भारत है और यहां खालिस्तान का आंदोलन भी हो चुका है, यह नेपाल, बंगलादेश और श्रीलंका नहीं हैं। यहां संविधान से देश चलता हैं। उन्होंने समाज की अवस्था बदलने की जरुरत भी बतायी ।
उन्होंने विपक्ष के नेताओं पर इस छात्र आंदोलन को बिगाड़ने का काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि श्री राहुल गांधी प्रदर्शन के दौरान एक बार भी जंतर मंतर नहीं गये और प्रधानमंत्री आवास के सामने जाकर प्रदर्शन करने लगे ।
श्री अठावले ने दावा किया आगामी पौने तीन साल बाद वर्ष 2029 में लोकसभा के चुनाव होंगे और उसमें हम जीतेंगे और चौथी बार राजग की सरकार बनेगी और श्री मोदी फिर प्रधानमंत्री बनेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित