चंडीगढ़ , फरवरी 17 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्य प्रवक्ता एव विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने मोगा में विलेज डिफेंस कमेटी (वीडीसी) सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह को नशों के खिलाफ पंजाब की चल रही लड़ाई में एक अहम पड़ाव बताया।

श्री धालीवाल ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पंजाब सरकार ने पिछले साल मार्च में 'युद्ध नशेआं विरुद्ध' मुहिम शुरू की थी, जिसके पूरे राज्य में अच्छे नतीजे मिले हैं। उन्होंने कहा कि बड़े तस्करों को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया, केस दर्ज किए गए और नशा तस्करों के नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। सख्ती के साथ-साथ सरकार ने हजारों गांवों में जागरूकता मुहिमें भी चलाईं गईं। उन्होंने बताया कि सबसे अहम कदम हर गांव, शहर और वार्ड में 10 सदस्य वाली गांव रक्षा कमेटियों का गठन करना था। उन्होंने कहा कि वीडीसी, पंजाब पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मिलकर पंजाब से ड्रग्स को खत्म करने के लिए लड़ रहे हैं।

मोगा समारोह को नशा विरोधी मुहिम के दूसरे पड़ाव की शुरुआत बताते हुए श्री धालीवाल ने कहा कि हजारों वीडीसी सदस्यों के शामिल होने से यह साफ हो गया है कि लोग नशों के खिलाफ उठ खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि जब लोग जाग जाएंगे, तो ड्रग्स खत्म हो सकते हैं। कल का जमावड़ा आप की रैली नहीं थी, यह वीडीसी का जमावड़ा था, इसीलिए मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक ने इसे संबोधित किया।

आप विधायक ने निशाना साधते हुए कहा कि लोगों की भागीदारी को देखकर विरोधी नेता डर गए हैं। उन्होंने कहा कि वे बेबुनियाद बयान इसलिए दे रहे हैं क्योंकि उन्हें पता है कि अगर नशीले पदार्थ खत्म हो गये, तो उनकी राजनीतिक दुकानें हमेशा के लिए बंद हो जाएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित