फिरोजाबाद , अक्टूबर 20 -- उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने विपक्षी दलों पर लोकतांत्रिक और संवैधानिक व्यवस्था को कमजोर करने तथा अराजकता फैलाने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में जनकल्याणकारी नीतियों पर चलने वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में लौटेगी।
जयवीर सिंह मंगलवार को शिकोहाबाद में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के शस्त्र पूजन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन एसआईआर के नाम पर तोड़फोड़ और आगजनी के जरिए देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि एसआईआर में केवल गलत वोट काटे गए हैं और सही मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े जाएंगे।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मंत्री ने आरोप लगाया कि वह लोगों को गुमराह कर संवैधानिक व्यवस्थाओं को कमजोर करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन उपद्रव और लाठी-डंडों के बल पर सत्ता हासिल करना चाहता है, जबकि लोकतंत्र में सत्ता जनता के बहुमत से मिलती है।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी हमला बोलते हुए जयवीर सिंह ने कहा कि सपा को अपनी राजनीतिक स्थिति का आकलन करना चाहिए। उन्होंने कन्नौज में खाली कुर्सियों का जिक्र करते हुए इसे पार्टी की स्थिति का संकेत बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के नेता और कार्यकर्ता चुनाव के दौरान लोगों पर अनावश्यक दबाव बनाते हैं।
मंत्री ने सपा से अपने पिछले कार्यकाल को लेकर श्वेतपत्र जारी करने की मांग करते हुए कहा कि पार्टी को बताना चाहिए कि उसके शासनकाल में कितने दंगे और उपद्रव हुए तथा महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की कितनी घटनाएं हुईं। जयवीर सिंह ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा जनकल्याणकारी योजनाओं और रामराज्य की परिकल्पना के आधार पर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश में भाजपा की सरकार फिर पूर्ण बहुमत के साथ बनेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित