भोपाल , जुलाई 10 -- मध्यप्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी के धावक विनोद सिंह ने चीन के ओरदोस में आयोजित प्रथम एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप की पुरुष 5000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार विनोद सिंह ने 5000 मीटर दौड़ 14 मिनट 23.67 सेकंड में पूरी कर तीसरा स्थान हासिल किया। एशिया के शीर्ष युवा धावकों के बीच कड़े मुकाबले में उन्होंने उत्कृष्ट धैर्य, गति और रणनीति का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अनुसार मध्यप्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी में आधुनिक खेल अधोसंरचना, वैज्ञानिक प्रशिक्षण पद्धति और अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को तैयार किया जा रहा है। विनोद सिंह की उपलब्धि अकादमी की प्रशिक्षण व्यवस्था का महत्वपूर्ण परिणाम मानी जा रही है।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने विनोद सिंह को बधाई देते हुए कहा कि एशियन अंडर-23 चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतना प्रदेश और देश दोनों के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विनोद भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।
विभाग ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देखने को मिल रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित