लखनऊ , अक्टूबर 1 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े गुरुवार को लखनऊ में प्रदेश संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक करेंगे। बैठक में आगामी विधान परिषद और राज्यसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।

श्री तावड़े के साथ पार्टी के चारों सह-प्रभारी भी लखनऊ पहुंचेंगे। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों के अलावा क्षेत्रीय अध्यक्षों और क्षेत्रीय प्रभारियों के भी शामिल होने की जानकारी है। इस दौरान संगठन की मौजूदा तैयारियों की समीक्षा के साथ आगामी चुनावों को लेकर जिम्मेदारियों और रणनीति को अंतिम रूप देने पर मंथन किया जाएगा।

बैठक में गुजरात के जगदीश ईश्वर पटेल, महाराष्ट्र की मेधा कुलकर्णी तथा झारखंड के अनंत ओझा और प्रदीप वर्मा भी मौजूद रहेंगे। भाजपा के लिए यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि प्रदेश में विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव की तैयारियां चल रही हैं।

पार्टी ने हाल ही में इन सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा भी की है। इसके अलावा आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर भी संगठन स्तर पर तैयारियों को गति दी जा रही है। बैठक में क्षेत्रवार संगठनात्मक स्थिति, चुनावी तैयारियों, पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों और जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय करने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। पार्टी नेतृत्व चुनावी तैयारियों को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर भी जोर दे रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित