नयी दिल्ली , मई 03 -- गोंडा में होने वाले नेशनल कुश्ती टूर्नामेंट को लेकर विवाद बढ़ गया है। विनेश फोगाट ने सुरक्षा और पक्षपात की आशंका में स्थल बदलने की मांग की, जिसे डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष संजय सिंह ने ठुकराते हुए खुद सुरक्षा की गारंटी ली है। वहीं, विनेश ने चेतावनी दी है कि किसी भी अप्रिय घटना के लिए सरकार जिम्मेदार होगी। 10-12 मई तक होने वाले इस टूर्नामेंट में विनेश 57 किलो वर्ग में हिस्सा लेंगी।
भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने साफ कहा कि गोंडा में होने वाले नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट का स्थान नहीं बदला जाएगा और उन्होंने विनेश फोगाट की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी ली है। ये भरोसा तब दिया गया जब विनेश ने सुरक्षा और पक्षपात को लेकर चिंता जताई थी। विनेश ने रविवार को चेतावनी दी कि अगर गोंडा में होने वाले टूर्नामेंट के दौरान उनके या उनकी टीम के साथ कुछ गलत होता है तो इसके लिए भारत सरकार जिम्मेदार होगी। साथ ही उन्होंने मुकाबलों में पक्षपात की भी आशंका जताई। विनेश ने करीब 18 महीने बाद वापसी से पहले एक वीडियो में कहा कि बृज भूषण शरण सिंह से जुड़े स्थान पर होने वाली प्रतियोगिता के नतीजों पर डब्ल्यूएफआई के पूर्व अध्यक्ष के करीबी लोग असर डाल सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित