गाजीपुर , जून 2 -- उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में होटल संचालक और होटल एसोसिएशन अध्यक्ष आलोक राय के बेटे विनीत राय की हत्या के बाद परिवार ने पुलिस पर दबाव बढ़ा दिया है।
आलोक राय ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर आरोपी मुठभेड़ में ढेर नहीं हुए तो वे परिवार समेत मुख्यमंत्री कार्यालय के सामने आत्मदाह करेंगे। न्याय मिलने तक परिवार विनीत का तेरहवीं संस्कार भी नहीं करेगा।
गौरतलब है कि विनीत राय की शुक्रवार रात गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद कटरा गैंग का सरगना शंकर पांडेय और अन्य आरोपी फरार हो गए। पुलिस की चार टीमें बिहार और आसपास के जिलों में दबिश दे रही हैं। अब तक आठ संदिग्ध हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
आलोक राय ने आरोप लगाया कि कटरा गैंग को कुछ पुलिसकर्मियों का संरक्षण मिलता रहा, जिसके कारण अपराध जारी रहे। उन्होंने गोरा बाजार चौकी प्रभारी एवं पूर्व सर्विलांस प्रभारी शिवाकांत मिश्रा पर शंकर पांडेय से करीबी संबंध का भी आरोप लगाया। एडीजी पीयूष मोर्डिया और डीआईजी वैभव कृष्ण ने शनिवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कोतवाली प्रभारी महेंद्र सिंह को लाइन हाजिर किया गया है।
इस मामले को लेकर गाजीपुर में इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय गिरोहों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि कटरा गैंग जैसे समूह वॉट्सएप और इंटरनेट मीडिया के जरिए युवाओं को जोड़कर संगठित होते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित