मुंबई , अक्टूबर 01 -- देश के विनिर्माण क्षेत्र की रफ्तार सितंबर में सात महीने के ऊंचे स्तर पर पहुंच गयी, जिससे रोजगार, उत्पादन और नये ऑर्डर में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गयी।

एचएसबीसी द्वारा गुरुवार को जारी विनिर्माण खरीद प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) अगस्त के 52.8 से बढ़कर 55.1 पर पहुंच गया। यह इस साल फरवरी के बाद का उच्चतम स्तर है। नये ऑर्डर और उत्पादन में तेजी आने से रोजगार भी बढ़ा और तैयार माल का भंडार भी बढ़ा। साथ ही कारोबारी भरोसा चार महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है।

एचएसबीसी माह दर माह आधार पर विनिर्माण और सेवा क्षेत्र की गतिविधियों के आंकड़े जारी करता है।

भारत में एचएसबीसी के मुख्य अर्थशास्त्री प्रांजुल भंडारी ने कहा कि इस तेजी के पीछे मुख्य कारण मजबूत घरेलू और वैश्विक मांग हैं। मांग बढ़ने से बिक्री और उत्पादन दोनों में वृद्धि देखी गयी है। नयी भर्तियों की रफ्तार मई के बाद सबसे तेज रही। विनिर्माता आने वाले महीनों के लिए ज्यादा आशावादी दिखे।

श्री भंडारी ने बताया कि कंपनियों ने सितंबर में कच्चे माल की खरीद बढ़ा दी और त्योहारी मौसम से पहले संभावित मांग के लिए तैयार माल का भंडार बढ़ा दिया है। तैयार माल के भंडार में 12 साल में दूसरी सबसे बड़ी वृद्धि देखी गयी।

रिपोर्ट में कहा गया है कि विशेष रूप से इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों, खाने-पीने की वस्तुओं, दवाओं और कपड़ों की मांग में अधिक तेजी रही। विदेशों से मिलने वाले ऑर्डरों में सबसे अधिक ब्राजील, यूरोप, संयुक्त अरब अमीरात और अमेरिका से आये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित