मुरादाबाद , जुलाई 24 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई विधि छात्रा आदिला की हत्या के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी एवं मृतका के पति गुलफाम अली की कस्टडी रिमांड हासिल कर ली। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हत्या में प्रयुक्त हथियार तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद करने का प्रयास करेगी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि विवेचना में मिले साक्ष्यों के आधार पर कटघर थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर कुर्बान अली और उसके भाई गुलफाम अली के विरुद्ध अपहरण और हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। कोर्ट से रिमांड स्वीकृत होने के बाद आरोपी से पूछताछ कर आला कत्ल और अन्य अहम साक्ष्य जुटाए जाएंगे।

पुलिस के अनुसार कोहिनूर तिराहा निवासी कारोबारी अदिव उर रहमान की पुत्री आदिला हैदराबाद में विधि (लॉ) की पढ़ाई कर रही थी। वह 25 जून को परीक्षा देने की बात कहकर घर से निकली थी और 29 जून को दिल्ली एयरपोर्ट पहुंची। इसके बाद आठ जुलाई को परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई।

जांच में सामने आया कि आदिला ने अप्रैल माह में देवापुर निवासी गुलफाम अली से अजमेर शरीफ में निकाह किया था, जिसकी जानकारी उसके परिजनों को नहीं थी। दोनों नोएडा में किराये के मकान में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार आदिला पति का खर्च उठाती थी और उसने उसे एक थार वाहन भी उपहार में दिया था। परिजनों से बातचीत को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

विवेचना में यह भी सामने आया कि 30 जून को आदिला दिल्ली से मुरादाबाद के लिए रवाना हुई और रात में जोया क्षेत्र में गुलफाम उसे लेने पहुंचा। रास्ते में दोनों के बीच विवाद होने पर दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुराने टोल प्लाजा के निकट गुलफाम ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी शव को वाहन में लेकर कई घंटे तक घूमता रहा और फिर अगवानपुर के रास्ते रुड़की पहुंचकर सुबह के समय शव को नहर में फेंक दिया। घटना के बाद आरोपी ने रामपुर न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मामले की कड़ियां जोड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज, वाहन की आवाजाही, मोबाइल लोकेशन तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों का मिलान किया जा रहा है। मृतका की मां की तहरीर पर गुलफाम अली के साथ उसके भाई कुर्बान अली को भी नामजद किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले की विवेचना वैज्ञानिक एवं निष्पक्ष तरीके से की जा रही है। कुर्बान अली की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित