श्रीगंगानगर , मई 07 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक जयदीप बिहानी के एसडी कॉलेज परिसर में स्थित विधायक जन सेवा केंद्र में 30 अप्रैल को राजस्थान शहरी अवसंरचना विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के सहायक अभियंता जगनलाल बैरवा और दो अन्य अधिकारियों से मारपीट होने के दर्ज परस्पर मामलों की जांच सीआईडी (सीबी) द्वारा की जाएगी।
इस मामले में पीड़ित अधिकारी जगनलाल बैरवा द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर बुधवार को जयदीप बिहानी उनके निजी सचिव मनीष गर्ग सहित नौ नामजद और करीब 20 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मारपीट करने और जाति सूचक गालियां देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। इसके कुछ देर बाद ही विधायक के निजी सचिव मनीष गर्ग की शिकायत पर उक्त तीन अधिकारियों के विरुद्ध दर्ज किए मामले की पत्रावली भी कल रात ही जयपुर भेज दी गई। अब जयपुर में सीआईडी(सीबी) द्वारा दोनों मामलों की जांच की जाएगी।
सूत्रों ने बताया कि जल्दी ही जांच अधिकारी की नियुक्ति भी हो जाएगी जो जांच के लिए श्रीगंगानगर आएंगे। विगत 30 अप्रैल को दर्ज किए मामले की जांच पुलिस उपाधीक्षक (अजा/जजा) विष्णु खत्री को दी गई थी। बुधवार को बैरवा के दर्ज किए मामले की जांच भी श्री खत्री को ही दी गई लेकिन राज्य सरकार के नियम के मुताबिक अगर विधायक के खिलाफ मामला दर्ज होता है तो उसकी जांच सीआईडी (सीबी) को ही दी जाती है। इसलिए बैरवा के मामले के साथ ही पूर्व में दर्ज मामले की फाइल भी जयपुर भेजी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित