बारां , जून 12 -- राजस्थान में बारां-अटरू विधायक की बहुप्रतीक्षित "विधायक आपके द्वार" जन संवाद यात्रा के दूसरे चरण का शुभारंभ शुक्रवार को देहात मंडल के कलमंडा गांव से हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यात्रा की शुरुआत हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना एवं आचार्य परमानंद के सानिध्य में आयोजित सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के साथ की गई। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष ने भाजपा ध्वज दिखाकर यात्रा को रवाना किया।
कार्यक्रम का आयोजन देहात मंडल अध्यक्ष अमरदीप केदाहेड़ी एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष निरंजन शर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। शुभारंभ अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने कहा कि भाजपा की विचारधारा कार्यकर्ता आधारित राजनीति को मजबूत बनाती है। उन्होंने कहा कि 46 डिग्री तापमान में विधायक का जनता के बीच पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि भाजपा जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। विधायक द्वारा गांव-गांव जाकर समस्याएं सुनना जनप्रतिनिधि और जनता के बीच आत्मीय संबंध का उदाहरण है।
विधायक राधेश्याम बैरवा ने कहा कि बारां-अटरू क्षेत्र की जनता और भाजपा कार्यकर्ता उनका परिवार हैं और उनके घर के दरवाजे आमजन के लिए चौबीसों घंटे खुले हैं। उन्होंने बताया कि "विधायक आपके द्वार" जन संवाद यात्रा का उद्देश्य गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनना और उनके त्वरित समाधान का प्रयास करना है। उन्होंने ग्रामीणों से यात्रा का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित