बारां , मई 07 -- राजस्थान में बारां-अटरू विधायक राधेश्याम बैरवा की जनसंवाद यात्रा के चौथे दिन गुरुवार को कवाई क्षेत्र में ग्रामीणों का भारी जनसमर्थन देखने को मिला।
यात्रा के दौरान गांव-गांव में विधायक का भव्य स्वागत किया गया और ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखकर त्वरित समाधान की मांग की। जनसंवाद यात्रा के तहत श्री बैरवा लोलाहेड़ी, आमापुरा, सोडल हेड़ी, मुहाखेड़ा, भकरावदा एवं दिलोदहाथी गांव पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने आतिशबाजी, फूल- मालाओं और साफा बंधन के साथ उनका स्वागत किया। यात्रा में उमड़ी भीड़ ने क्षेत्र में विधायक की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाया।
श्री बैरवा ने चौपालों पर बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। साथ ही कई स्थानों पर घर-घर जाकर लोगों से संवाद किया। ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, चिकित्सा और अन्य विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं सामने रखीं, जिस पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
यात्रा के दौरान बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं ने भी अपनी समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। कई मामलों में मौके पर ही समाधान करवाने से ग्रामीणों ने संतोष जताया।
श्री बैरवा ने कहा कि जनसंवाद यात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता और जनप्रतिनिधि के बीच विश्वास, अपनत्व और जवाबदेही का मजबूत माध्यम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित