भीलवाड़ा , जुलाई 28 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के जवाहर नगर क्षेत्र में सड़क निर्माण की खामियों के कारण लोगों को हो रही भारी परेशानी अब जनप्रतिनिधियों तक पहुंच गई है। सड़क का स्तर करीब ढाई फुट ऊंचा कर दिए जाने से आसपास के मकान, मंदिर और गलियां नीचे रह गई हैं। क्षेत्र के लोगों की शिकायत पर विधायक अशोक कोठारी ने मौके की स्थिति को गंभीरता से समझा और संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर सड़क को करीब दो फुट नीचे खोदकर दोबारा बनाने के निर्देश दिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पांसल रोड, जवाहर नगर में पूर्व में नगर विकास न्यास द्वारा बनाई गई सड़क पर बाद में मिट्टी डालकर और डामर की नई परत चढ़ाकर सड़क का स्तर ढाई फुट ऊंचा कर दिया गया। इससे लवकुश व्यायामशाला से छोटी नहर के बीच स्थित मकान, मंदिर और आसपास की गलियां सड़क से नीचे हो गईं। अब बारिश के दौरान पानी सीधे घरों और गलियों में भर जाता है, जिससे स्थानीय लोगों को लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभागों को शिकायतें दीं लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। हाल ही में विधायक अशोक कोठारी क्षेत्र में पहुंचे तो लोगों ने उन्हें मौके पर ही अपनी पीड़ा से अवगत कराया। इसके बाद मंगलवार को विधायक कोठारी ने अधिकारियों से चर्चा करके सड़क को निर्धारित स्तर तक नीचे कर दोबारा निर्माण कराने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित