भिण्ड , अक्टूबर 20 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड में विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के बेटे पुष्पेंद्र सिंह कुशवाह के निधन के बाद नगर पालिका परिषद ने दशहरा कार्यक्रम निरस्त कर दिया है। पुष्पेंद्र का मंगलवार सुबह दिल्ली में उपचार के दौरान निधन हो गया।

नगर पालिका परिषद हर वर्ष दशहरे पर एमजेएस मैदान में रामलीला मंचन और रावण दहन का आयोजन करती है। इस वर्ष भी कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं और रावण का पुतला तैयार था।

नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीरेंद्र चक्रवर्ती ने बताया कि विधायक के बेटे के निधन के कारण रामलीला मंचन और रावण दहन नहीं कराने का निर्णय लिया गया है। तैयार पुतले को खोलकर सुरक्षित रखवाया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित