रांची , सितंबर 07 -- झारखंड के चतरा विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ के अपहरण का मामला झूठा निकला।

पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ कि सौरभ का किसी गिरोह ने अपहरण नहीं किया था, बल्कि वह अपनी मर्जी से दोस्तों के साथ घूमने चला गया था। पुलिस ने कुछ ही घंटों में उसे सकुशल बरामद कर लिया।

मामले की शुरुआत तब हुई जब परिजनों को सूचना मिली कि विधानसभा थाना क्षेत्र में एमिटी यूनिवर्सिटी के पास सौरभ का अपहरण हो गया है। जनप्रतिनिधि के पुत्र से जुड़ा मामला होने के कारण प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन ने विशेष टीम गठित कर तकनीकी अनुसंधान और छापेमारी के निर्देश दिए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अंतिम लोकेशन को ट्रेस किया।

जांच में सामने आया कि सौरभ किसी के दबाव या कैद में नहीं था। लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने उसे सुरक्षित ढूंढ निकाला। पूछताछ के बाद उसे परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित