भीलवाड़ा , अप्रैल 27 -- राजस्थान में भीलवाड़ा में 'गौ सम्मान आह्वान अभियान' के तहत भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी ने गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने और देश में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

सोमवार को इस अभियान के तहत विधायक कोठारी ने संतों और गौ भक्तों के साथ पैदल मार्च करके जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधु को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के बाद श्री कोठारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि गौ रक्षा का विषय आजादी के समय ही हल हो जाना चाहिए था। महात्मा गांधी ने गौ रक्षा को स्वराज्य से अधिक महत्वपूर्ण माना था।

उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा शहर से ही करीब 61 हजार नागरिकों के हस्ताक्षर युक्त समर्थन पत्र जुटाए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी एक तपस्वी और गौ भक्त हैं, जो जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए इस दिशा में त्वरित निर्णय लेंगे।

इससे पहले श्री कोठारी और महामंडलेश्वर बाबू गिरी महाराज भीषण धूप में राजेंद्र मार्ग स्कूल से कलेक्ट्रेट तक पैदल चलकर पहुंचे। सुबह सवा नौ बजे राजेन्द्र मार्ग विद्यालय परिसर में महामंडलेश्वर बाबूगिरी जी महाराज एवं अन्य संतों के सानिध्य में भव्य पैदल संकीर्तन रैली का शुभारंभ हुआ। यह रैली राजेन्द्र मार्ग रोड, आइनॉक्स, महावीर पार्क, राजीव गांधी मार्केट, सूचना केंद्र, गोल प्याऊ चौराहा और सदर बाजार होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित