धार , अप्रैल 2 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में शिक्षा के विकास को गति देने के उद्देश्य से सात नवीन स्कूल भवनों के निर्माण को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

यह स्वीकृति क्षेत्रीय भाजपा विधायक नीना विक्रम वर्मा के प्रयासों से मिली है। हाल ही में उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भोपाल में मुलाकात कर इस विषय पर चर्चा की थी, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया।

स्वीकृत योजना के अनुसार धार विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जामन्दा, तोरनोद, नारायणपुरा, खंडवा, धामंदा, मंडलावदा और नानंदखेड़ा में नए स्कूल भवन बनाए जाएंगे। प्रत्येक भवन के निर्माण पर लगभग 6 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इस प्रकार कुल 42 करोड़ रुपए की लागत से अत्याधुनिक स्कूल परिसर तैयार होंगे।

इन भवनों में विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त कक्षाएं, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय और खेल मैदान जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वर्तमान में कई क्षेत्रों में जर्जर भवनों और संसाधनों की कमी के कारण विद्यार्थियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

इस पहल से न केवल शैक्षणिक आधारभूत संरचना मजबूत होगी, बल्कि स्कूल छोड़ने वाले विद्यार्थियों की संख्या में कमी आने की भी संभावना जताई जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त की है।

विधायक नीना विक्रम वर्मा ने कहा कि आदिवासी अंचल के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित